Kosi Live-कोशी लाइव Bihar Crime:दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग: नगर परिषद कार्यालय में घुसे बदमाश, ईओ की मौत, सभापति गंभीर - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, April 28, 2026

Bihar Crime:दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग: नगर परिषद कार्यालय में घुसे बदमाश, ईओ की मौत, सभापति गंभीर

भागलपुर में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग: सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में घुसे बदमाश, ईओ की मौत, सभापति गंभीर

भागलपुर | बिहार क्राइम न्यूज: बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज में मंगलवार दोपहर अपराधियों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार बदमाश नगर परिषद कार्यालय में घुस गए और वहां मौजूद अधिकारियों पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। इस हमले में कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) कृष्ण भूषण कुमार की मौत हो गई, जबकि सभापति राजकुमार गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

इलाज के दौरान ईओ ने तोड़ा दम

घटना के बाद दोनों घायलों को आनन-फानन में सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर किया गया। रास्ते में ही ईओ कृष्ण भूषण कुमार ने दम तोड़ दिया।

वहीं, सभापति राजकुमार गुड्डू का इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, उनके सिर में गोली लगी है और हालत नाजुक बनी हुई है।

सभापति को मारी गई कई गोलियां

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने सभापति को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग की। बताया जा रहा है कि उन्हें करीब पांच गोलियां लगी हैं। नगर परिषद कार्यालय परिसर में आठ से अधिक राउंड फायरिंग के निशान मिले हैं, जिससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

दफ्तर बना छावनी, इलाके में दहशत

घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और नगर परिषद कार्यालय को सील कर दिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।

एसएसपी, सिटी एसपी समेत कई अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर सवार तीन अपराधी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया गया है।

कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

दिनदहाड़े नगर परिषद कार्यालय में घुसकर की गई इस वारदात ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अपराधियों ने खुलेआम पुलिस को चुनौती देते हुए इस हमले को अंजाम दिया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।