मधेपुरा में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर बड़ी कार्रवाई, 4 दिनों में 305 वाहनों से 5.74 लाख जुर्माना वसूला
मधेपुरा: जिले में यातायात नियमों को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। बीते चार दिनों से चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले 305 से अधिक वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल 5 लाख 74 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। यह अभियान ट्रैफिक डीएसपी चेतनानंद झा के नेतृत्व में लगातार जारी है।
बिना हेलमेट चालकों पर सबसे ज्यादा कार्रवाई
अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर हुई। कुल 143 लोगों से 1 लाख 43 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
इसके अलावा बिना इंश्योरेंस वाहन चलाने वाले 66 चालकों से 66 हजार रुपये, जबकि सीट बेल्ट नहीं लगाने वाले 26 लोगों से 26 हजार रुपये वसूले गए।
ड्राइविंग लाइसेंस नहीं रखने वालों पर भारी जुर्माना
प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUC) नहीं रखने वाले 44 वाहनों से 48 हजार रुपये की वसूली की गई। वहीं बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चला रहे 19 लोगों से 95 हजार रुपये जुर्माना लिया गया, जो अभियान की सबसे बड़ी वसूली में शामिल रहा।
ब्लैक फिल्म और नो एंट्री उल्लंघन पर भी कार्रवाई
नो एंट्री का उल्लंघन करने वाले 8 वाहन चालकों पर 40 हजार रुपये का चालान काटा गया।
वहीं नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने वाले 139 लोगों से 69,500 रुपये वसूले गए। इसके अलावा काले शीशे (ब्लैक फिल्म) लगे 22 वाहनों पर 11 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
ट्रैफिक डीएसपी चेतनानंद झा ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से हेलमेट, सीट बेल्ट और सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ वाहन चलाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यह नियम केवल कानूनी औपचारिकता नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी हैं। प्रशासन ने संकेत दिया है कि यह सख्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।