दरभंगा में शादी से पहले मातम: खरीदारी करने जा रहे युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत, मंगेतर गंभीर
दरभंगा। जिले के बहेड़ा थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी मंगेतर गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों की शादी 26 अप्रैल को होने वाली थी। हादसे के बाद परिवार में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।
खरीदारी करने जा रहे थे दोनों
मृतक की पहचान अमेठी पंचायत के नमती गांव निवासी सुरेश दास के पुत्र राकेश कुमार दास (20) के रूप में हुई है। बताया गया कि राकेश अपनी होने वाली पत्नी के साथ शादी की खरीदारी करने बहेड़ा बाजार जा रहा था। इसी दौरान इब्राहिमपुर के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।
मौके पर युवक की मौत, मंगेतर की हालत नाजुक
हादसे में राकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मंगेतर गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे बेनीपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
दो साल से चल रहा था प्रेम संबंध
मृतक के चाचा राजकुमार दास ने बताया कि दोनों की लव मैरिज होने वाली थी। पिछले दो साल से दोनों के बीच प्रेम संबंध था। सोशल मीडिया पर दोनों की मुलाकात हुई थी। बाद में दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार हो गए थे और 26 अप्रैल को शादी तय हुई थी।
चालक फरार, ट्रैक्टर जब्त
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही बहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
पुलिस क्या बोली
बहेड़ा थाना अध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।