Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:वेंटिलेटर पर पशुपति पारस, लंग्स इंफेक्शन से हालत नाजुक: पत्नी बोलीं- थोड़ा सुधार, मिलने दो बार पहुंचे चिराग पासवान - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, April 17, 2026

BIHAR:वेंटिलेटर पर पशुपति पारस, लंग्स इंफेक्शन से हालत नाजुक: पत्नी बोलीं- थोड़ा सुधार, मिलने दो बार पहुंचे चिराग पासवान

वेंटिलेटर पर पशुपति पारस, लंग्स इंफेक्शन से हालत नाजुक: पत्नी बोलीं- थोड़ा सुधार, मिलने दो बार पहुंचे चिराग पासवान

पटना। राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) के प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस पिछले चार दिनों से पटना के कंकड़बाग स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ICU में इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा है। बताया जा रहा है कि फेफड़ों में संक्रमण बढ़ने और ऑक्सीजन लेवल गिरने के कारण उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

लंग्स में संक्रमण बढ़ने से बिगड़ी तबीयत

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, पशुपति पारस लंबे समय से सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी, लेकिन 13 अप्रैल की रात अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। सांस लेने में अत्यधिक तकलीफ और चक्कर आने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। PMCH के डॉक्टर आनंद कुमार उनके इलाज में शामिल हैं। चिकित्सकों के मुताबिक, फेफड़ों का संक्रमण ज्यादा बढ़ने से ऑक्सीजन स्तर में गिरावट आई, जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट करना पड़ा।

पत्नी बोलीं- हालत में थोड़ा सुधार

पशुपति पारस की पत्नी शोभा देवी अस्पताल में रहकर उनकी देखभाल कर रही हैं। उन्होंने बताया कि पहले की तुलना में उनकी स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ है, लेकिन अभी भी खतरा पूरी तरह टला नहीं है।

उन्होंने बताया कि करीब 10 साल पहले भी चेस्ट ऑपरेशन के बाद फेफड़ों में संक्रमण हो गया था, उस समय भी उनकी तबीयत गंभीर हो गई थी।

लंबे समय से सांस की बीमारी से परेशान

जानकारी के अनुसार, पशुपति पारस को सांस लेने की समस्या पुरानी है। डॉक्टरों की सलाह पर वे पिछले कई वर्षों से नियमित रूप से स्टीम लेते रहे हैं। पहले भी सांस की परेशानी बढ़ने पर उनका ऑपरेशन कराया गया था।

चाचा से मिलने दो बार पहुंचे चिराग पासवान

चाचा की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने के बाद चिराग पासवान अब तक दो बार अस्पताल पहुंच चुके हैं। उन्होंने डॉक्टरों से पशुपति पारस के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनका हालचाल जाना।

बताया जा रहा है कि अस्पताल में जब पशुपति पारस ने चिराग को देखा तो वे भावुक हो गए और भतीजे को गले लगा लिया।

चिराग बोले- वे मेरे लिए पिता समान

14 अप्रैल को अस्पताल पहुंचने के बाद चिराग पासवान ने कहा था कि पशुपति पारस उनके लिए पिता समान हैं। उन्होंने कहा, “मैं यहां किसी राजनेता के रूप में नहीं, बल्कि एक बेटे के तौर पर अपने अभिभावक का हाल जानने आया हूं। राजनीति अपनी जगह है, लेकिन परिवार और रिश्ते अपनी जगह हैं।”

चिराग ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर मुलाकात की तस्वीरें भी साझा कर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

2021 में अलग हुई थी दोनों की राहें

गौरतलब है कि साल 2021 में लोक जनशक्ति पार्टी दो हिस्सों में बंट गई थी। एक गुट की कमान पशुपति पारस ने संभाली, जबकि चिराग पासवान ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का गठन किया। रामविलास पासवान के निधन के बाद दोनों नेताओं के रिश्तों में दूरी आ गई थी।

अब बीमारी के इस दौर में चाचा-भतीजे की मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज कर दी है।