Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:एक ही परिवार के भाई-बहन ने रचा इतिहास, बहन बनीं अंचलाधिकारी तो भाई बने राज्य कर सहायक आयुक्त - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, June 20, 2026

BIHAR:एक ही परिवार के भाई-बहन ने रचा इतिहास, बहन बनीं अंचलाधिकारी तो भाई बने राज्य कर सहायक आयुक्त

70th BPSC Result: एक ही परिवार के भाई-बहन ने रचा इतिहास, बहन बनीं अंचलाधिकारी तो भाई बने राज्य कर सहायक आयुक्त

पटना/बिक्रम। पटना जिले के बिक्रम नगर पंचायत वार्ड संख्या-3 के निवासी अश्विनी कुमार और सपना देवी के पुत्र-पुत्री ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की इस बड़ी उपलब्धि से इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है। परिजन, मित्र और स्थानीय लोग दोनों भाई-बहन को लगातार बधाई दे रहे हैं।

बेटी बनीं अंचलाधिकारी

परिवार की बेटी कोमल प्रिया ने बीपीएससी परीक्षा में 1641वीं रैंक प्राप्त कर आरओ/सीओ (अंचलाधिकारी) पद के लिए चयनित होकर परिवार और समाज को गौरवान्वित किया है। उनकी सफलता से खासकर क्षेत्र की छात्राओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कोमल ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

भाई बने राज्य कर सहायक आयुक्त

वहीं उनके भाई अभिषेक आनंद ने बीपीएससी में 306वीं रैंक हासिल कर स्टेट टैक्स असिस्टेंट कमिश्नर (राज्य कर सहायक आयुक्त) पद पर चयनित होकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। एक ही परिवार के भाई-बहन का एक साथ इतनी बड़ी परीक्षा में सफल होना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

सीमित संसाधनों में हासिल की बड़ी सफलता

जानकारी के अनुसार, दोनों भाई-बहन जवाहर नवोदय विद्यालय, बिक्रम के छात्र रहे हैं। उनके पिता अश्विनी कुमार बिक्रम शहीद स्मारक के पास एक छोटी स्टेशनरी दुकान चलाते हैं, जबकि माता सपना देवी गृहिणी हैं।

सीमित संसाधनों और साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि के बावजूद दोनों बच्चों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास के दम पर यह मुकाम हासिल किया। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि मजबूत इरादों के सामने संसाधनों की कमी बाधा नहीं बनती।

युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत

भाई-बहन की इस उपलब्धि पर परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने खुशी जाहिर करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। स्वतंत्रता सेनानी परिवार से जुड़े इस परिवार की सफलता पर स्थानीय लोगों ने विशेष गर्व व्यक्त किया है।

लोगों का कहना है कि कोमल प्रिया और अभिषेक आनंद की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी उपलब्धि से यह संदेश जाता है कि कठिन परिश्रम, समर्पण और सही दिशा में प्रयास करने से बड़ी से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।