Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:फरार आरोपियों पर पुलिस की सख्ती: जन सुराज नेता समेत दो के घर बैंड-बाजे के साथ इश्तिहार चिपकाया - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, April 10, 2026

BIHAR:फरार आरोपियों पर पुलिस की सख्ती: जन सुराज नेता समेत दो के घर बैंड-बाजे के साथ इश्तिहार चिपकाया

मोतिहारी में फरार अपराधियों पर सख्ती: पप्पू खान के घर बैंड-बाजे के साथ चिपकाया गया इश्तिहार

मोतिहारी। जिले में फरार अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान छेड़ दिया है। इसी कड़ी में केसरिया थाना क्षेत्र में जन सुराज के पूर्व प्रत्याशी और प्रमुख पति नाज अहमद खान उर्फ पप्पू खान के घर पर पुलिस ने इश्तिहार चिपकाया।

पुलिस ने यह कार्रवाई बैंड-बाजे और डुगडुगी बजवाकर की, ताकि इलाके के लोगों को आरोपी की फरारी और आपराधिक इतिहास की जानकारी मिल सके। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

पुलिस के अनुसार, नाज अहमद खान के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में 23 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, रंगदारी और धमकी जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई है, जिसका उद्देश्य आरोपी पर आत्मसमर्पण का दबाव बनाना है। साथ ही आम लोगों को सतर्क किया जा रहा है कि वे ऐसे अपराधियों से दूरी बनाए रखें और किसी भी तरह की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

इसी अभियान के तहत भोपतपुर थाना क्षेत्र में भी फरार अभियुक्त माधो शाह के घर पर बैंड-बाजे और डुगडुगी के साथ इश्तिहार चिपकाया गया। पुलिस ने गांव में उसकी आपराधिक गतिविधियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में फरार अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून से बचने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।