मधुबनी में ट्रैफिक डीएसपी ने दिखाई मानवता: एक बाइक पर 6 लोग देख रोका, बच्चों को सुरक्षित पहुंचाया
मधुबनी | रिपोर्ट
मधुबनी जिले के बाबूबरही क्षेत्र में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हुए एक बाइक पर कई लोगों को सवार देखकर ट्रैफिक डीएसपी सुजीत कुमार ने वाहन को रुकवाया। समझाने के बाद उन्होंने बाइक पर बैठे बच्चों को सुरक्षित उनकी मंजिल तक पहुंचाने का इंतजाम किया। इस मानवीय पहल की तस्वीर अब चर्चा का विषय बनी हुई है।
एक बाइक पर 5-6 लोग थे सवार
बताया गया कि एक ही मोटरसाइकिल पर चालक सहित 5 से 6 लोग सवार थे, जिनमें अधिकांश छोटे बच्चे थे। किसी ने हेलमेट नहीं पहन रखा था और बाइक तेज रफ्तार से चल रही थी। यह स्थिति कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी।
उसी रास्ते से गुजर रहे थे डीएसपी
संयोगवश मधुबनी ट्रैफिक डीएसपी सुजीत कुमार उसी रास्ते से गुजर रहे थे। जैसे ही उनकी नजर इस खतरनाक दृश्य पर पड़ी, उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई और मोटरसाइकिल चालक को रोक लिया।
चालान नहीं, समझाइश दी
आमतौर पर ऐसे मामलों में चालान काटा जाता है, लेकिन डीएसपी सुजीत कुमार ने चालक को डांटने के बजाय अभिभावक की तरह समझाया। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही पूरे परिवार की जान जोखिम में डाल सकती है और बच्चों को इस तरह खतरे में डालना उचित नहीं है।
बच्चों को सुरक्षित पहुंचाया
डीएसपी की समझाइश का चालक पर असर पड़ा। इसके बाद ट्रैफिक डीएसपी ने बाइक पर सवार सभी बच्चों को सुरक्षित उनकी मंजिल तक पहुंचाने का इंतजाम कराया।
लोगों ने की सराहना
डीएसपी सुजीत कुमार की इस पहल की स्थानीय लोगों ने खूब सराहना की है। सोशल मीडिया पर भी लोग उनके मानवीय दृष्टिकोण की प्रशंसा कर रहे हैं।
पुलिस का मानवीय चेहरा आया सामने
यह घटना जहां ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता का संदेश देती है, वहीं पुलिस के संवेदनशील और मानवीय चेहरे को भी सामने लाती है।