भरगामा में सूखा नशा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: 47.72 ग्राम स्मैक के साथ दो गिरफ्तार
भरगामा। थाना क्षेत्र में सूखा नशे के तस्करों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार देर रात छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान शंकरपुर वार्ड संख्या-01 से दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके पास से कुल 47.72 ग्राम स्मैक बरामद किया है।
गुप्त सूचना पर बनी विशेष टीम
थानाध्यक्ष राजेश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के शंकरपुर इलाके में सूखा नशे के तस्कर काफी सक्रिय हो गए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम में एसआई नितेश सिंह, एसआई रौशन कुमार तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से रात्रि छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान चारों ओर से घेराबंदी कर कृष्ण नारायण यादव के पुत्र नीतीश कुमार तथा योगानंद यादव के पुत्र सुनील यादव को गिरफ्तार किया गया।
साबुन और माचिस के डिब्बे में छिपा रखी थी स्मैक
छापेमारी के दौरान पुलिस ने लाल रंग के साबुन के डिब्बे में छिपाकर रखी गई स्मैक बरामद की। इसके अलावा माचिस के डिब्बों में पैक 17 पुड़िया स्मैक भी जब्त की गई।
न्यायिक हिरासत में भेजे गए दोनों आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।