जमुई में खड़े ट्रक से भिड़ी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, 10 घायल; एक की हालत गंभीर
जमुई। जिले में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ईंट लदे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। जोरदार टक्कर में स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन सवार 10 लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना चकाई-देवघर मुख्य मार्ग पर घोरमो चेक पोस्ट के पास हुई।
मतदान करने घर लौट रहे थे सभी यात्री
बताया गया कि सभी घायल के निवासी हैं और में रहकर फेरी का काम करते हैं। आगामी चुनाव में मतदान करने के लिए वे सीवान से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान घोरमो चेक पोस्ट के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हो गया।
ग्रामीणों ने किया राहत-बचाव, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
घायलों में कई लोग शामिल
घायलों में वारिस शेख, अनीसुर शेख, अजगर अली, अफजल हक, नजरुल मियां, माजरुल शेख, रशीद शेख, रफीकुल शेख और चालक शमीम शेख शामिल हैं। मोदिन शेख की हालत गंभीर बनी हुई है।
दोनों वाहन जब्त, जांच शुरू
चकाई थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ग्रामीणों ने उठाई कार्रवाई की मांग
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के कारण इस मार्ग पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में ठोस कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।