Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:पूर्णिया में मुखिया के बेटे पर युवक को स्कॉर्पियो से कुचलने का आरोप, हालत गंभीर - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, April 18, 2026

BIHAR:पूर्णिया में मुखिया के बेटे पर युवक को स्कॉर्पियो से कुचलने का आरोप, हालत गंभीर

पूर्णिया में मुखिया के बेटे पर युवक को स्कॉर्पियो से कुचलने का आरोप, हालत गंभीर

पूर्णिया। बिहार के पूर्णिया जिले से दबंगई और पुरानी रंजिश का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कस्बा प्रखंड के सबदलपुर पंचायत स्थित फतेपुर गांव में मुखिया के बेटे पर एक युवक को स्कॉर्पियो से कुचलने का आरोप लगा है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया।

पुरानी रंजिश में वारदात का आरोप

घटना जिले के कस्बा प्रखंड अंतर्गत सबदलपुर पंचायत के फतेपुर गांव की बताई जा रही है। आरोप है कि पंचायत मुखिया के बेटे मोहम्मद रिजवान ने पुरानी दुश्मनी के कारण गांव निवासी रईस उद्दीन को जान से मारने की धमकी दी थी। कुछ देर बाद उसने तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से रईस उद्दीन की बाइक में टक्कर मार दी।

कार के नीचे दबा युवक, हालत नाजुक

बताया गया कि टक्कर के बाद युवक वाहन के नीचे दब गया। गंभीर हालत में परिजनों और ग्रामीणों ने उसे निकालकर में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

गांव में आक्रोश, दबंगई के आरोप

घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी पहले से दबंग प्रवृत्ति का है और अक्सर नशे की हालत में गांव में घूमता है। विरोध करने पर लोगों को रसूख दिखाकर धमकाता है।

घटना का वीडियो वायरल

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घायल युवक बाइक समेत वाहन के नीचे दबा दिखाई दे रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पुलिस ने वाहन जब्त किया, आरोपी फरार

कसबा थानाध्यक्ष ज्ञानरंजन ने बताया कि पीड़ित परिवार के आवेदन पर आरोपी मोहम्मद रिजवान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो को जब्त कर थाना लाया गया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

न्याय की मांग

पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी तथा सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।