Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल में कोसी नदी में डूबी 4 बच्चियां, तीन की मौत; एक लापता, तलाश जारी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, April 23, 2026

सुपौल में कोसी नदी में डूबी 4 बच्चियां, तीन की मौत; एक लापता, तलाश जारी

सुपौल में कोसी नदी में डूबी चार बच्चियां, तीन की मौत; एक लापता, तलाश जारी

सुपौल। सदर थाना क्षेत्र के गोपालपुर सिरे पंचायत के वार्ड संख्या 02 से बुधवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। कोसी नदी में नहाने के दौरान चार मासूम बच्चियां डूब गईं। इनमें से तीन बच्चियों का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि एक बच्ची अब भी लापता है, जिसकी तलाश जारी है।

तीन बच्चियों के शव बरामद

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान पप्पू राम की 12 वर्षीय पुत्री प्रियांशु कुमारी, प्रमोद सादा की 12 वर्षीय पुत्री सुनीता कुमारी तथा ललित सादा की 10 वर्षीय पुत्री नंदनी कुमारी के रूप में हुई है। वहीं बच्चा लाल सादा की 10 वर्षीय पुत्री राधिका कुमारी का अब तक कोई पता नहीं चल सका है।

नहाने के दौरान हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि सभी बच्चियां नदी किनारे खेल रही थीं। भीषण गर्मी के कारण वे नहाने के लिए नदी में उतर गईं। इसी दौरान अचानक गहरे पानी में चले जाने से चारों बच्चियां डूबने लगीं।

ग्रामीणों ने चलाया बचाव अभियान

मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तीन बच्चियों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता बच्ची की तलाश लगातार जारी है।

पुलिस पहुंची मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गांव में पसरा मातम

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं हर आंख नम है।

मुखिया ने जताया शोक

गोपालपुर सिरे पंचायत के मुखिया सुरेंद्र प्रसाद यादव ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि लापता बच्ची की खोजबीन लगातार की जा रही है।