सुपौल में संदिग्ध परिस्थितियों में 19 वर्षीय विवाहिता की मौत: फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
सुपौल। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवानपुर पंचायत के साहेवान वार्ड संख्या-6 में रविवार देर रात एक 19 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया है।
मृतका की पहचान विजय सादा की पत्नी पूजा कुमारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थानाध्यक्ष पिंटू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
मायके वालों को फोन पर दी गई सूचना
सोमवार सुबह करीब 10 बजे मृतका के मायके वाले पिपरा थाना क्षेत्र के हटवरिया वार्ड संख्या-15 से पहुंचे। परिजनों ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।
परिजनों के अनुसार रविवार रात दामाद का फोन आया था, जिसमें बताया गया कि पूजा घर में नहीं मिल रही है। कुछ देर बाद सूचना दी गई कि उसने फांसी लगा ली है।
आठ महीने पहले हुआ था प्रेम विवाह
स्थानीय लोगों के मुताबिक मृतका का पति विजय सादा तथा उसके ससुर दूसरे प्रदेश में मजदूरी करते हैं, जबकि घर पर पूजा अपनी सास के साथ रहती थी। बताया जा रहा है कि करीब आठ महीने पहले पूजा कुमारी ने विजय सादा के साथ प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद वह ससुराल में रह रही थी।
पुलिस कर रही हर बिंदु पर जांच
थानाध्यक्ष पिंटू कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की तहकीकात की जा रही है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।