Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:शराबी दूल्हे को दुल्हन ने लौटाया: नशे में बारात लेकर पहुंचा दूल्हा, शादी टूटी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, April 27, 2026

BIHAR:शराबी दूल्हे को दुल्हन ने लौटाया: नशे में बारात लेकर पहुंचा दूल्हा, शादी टूटी

शराबी दूल्हे को दुल्हन ने लौटाया: जहानाबाद में नशे में बारात लेकर पहुंचा दूल्हा, शादी टूटी

जहानाबाद: जिले के ओकरी थाना क्षेत्र स्थित देवरा मठ गांव में एक शादी उस समय टूट गई, जब दूल्हा शराब के नशे में धुत होकर बारात लेकर पहुंचा। दूल्हे की हालत देखकर दुल्हन ने शादी से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद बारात को बिना दुल्हन के ही लौटना पड़ा।


21 तारीख को हुआ था तिलक, 26 को पहुंची बारात

जानकारी के अनुसार, नागेंद्र राम ने अपनी तीसरी बेटी नेहा कुमारी की शादी पटना के पुनाई चक्र निवासी गोलकुल राम के बेटे छोटू उर्फ रंजन कुमार से तय की थी। 21 तारीख को तिलक समारोह संपन्न हुआ था, जबकि 26 तारीख को बारात देवरा मठ गांव पहुंची।

दूल्हा ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था

बारात का स्वागत किया गया और द्वार पूजा की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान दूल्हा लड़खड़ाने लगा, जिससे लड़की पक्ष को शक हुआ कि वह शराब के नशे में है। बताया जाता है कि दूल्हा ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था।

दुल्हन ने शादी से किया इनकार

जैसे ही यह बात दुल्हन नेहा कुमारी को पता चली, उसने तुरंत शादी करने से मना कर दिया। दुल्हन के इस फैसले के बाद समारोह में अफरा-तफरी मच गई और कई बाराती मौके से खिसक गए।

14 घंटे तक दूल्हे को रोके रखा

लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे को रोक लिया और शादी में दिए गए पैसे व सामान की वापसी की मांग करने लगे। करीब 14 घंटे तक दूल्हे को रोके रखने के बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई।

थाने में समझौते की कोशिश

फिलहाल दोनों पक्ष थाने में मौजूद हैं और आपसी समझौते के जरिए मुआवजे को लेकर बातचीत जारी है।

दूल्हे ने आरोपों से किया इनकार

दूल्हे ने अपने ऊपर लगे आरोपों को नकारते हुए कहा कि उसने कोई नशा नहीं किया था, बल्कि किसी अन्य कारण से उसका संतुलन बिगड़ गया था।

इलाके में चर्चा, दुल्हन की हो रही सराहना

घटना की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। वहीं, दुल्हन के इस साहसिक फैसले की लोग खुलकर सराहना कर रहे हैं।