🔴 रेपो एजेंट बनकर लूट का खेल! सुपौल में लोडेड पिस्टल के साथ शातिर गिरफ्तार, गिरोह का भंडाफोड़
⚡ पुलिस देख हथियार तानकर भागे चार आरोपी, दो गिरफ्तार कर भेजे गए जेल
सुपौल: जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार शाम एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राहगीरों से लूटपाट करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान पुलिस ने एक कथित रेपो एजेंट को लोडेड देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि चार अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि सोमवार शाम डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि विशनपुर दौलत पंचायत के दौलतपुर हटिया पुल के पास 5-6 युवक आपस में गाली-गलौज और मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही सभी युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने खदेड़कर एक आरोपी सुमन मंगरदैता (24 वर्ष) को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान सुमन के पास से एक लोडेड देसी पिस्टल और मैगजीन में भरे पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह और उसके साथी फर्जी रेपो एजेंट बनकर सड़कों पर सक्रिय रहते थे और हथियार के बल पर राहगीरों को रोककर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देते थे।
स्थानीय लोगों ने भी आरोप लगाया कि इलाके में इस तरह के कई फर्जी एजेंट सक्रिय हैं, जो वाहन जांच या जब्ती के नाम पर लोगों को रोककर उनसे लूटपाट करते हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिस कार्रवाई के दौरान फरार होने वाले आरोपियों ने पुलिस टीम पर भी हथियार तान दिए और मौके से भाग निकले। हालांकि, पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर एक अन्य आरोपी अखिलेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं, गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर फरार चार अन्य साथियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
थानाध्यक्ष ने दावा किया है कि जल्द ही गिरोह के बाकी सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इलाके में इस कार्रवाई के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।