हेडलाइन:
जदिया में शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: 222.75 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ स्कॉर्पियो जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
खबर:
जदिया। जदिया थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 222.75 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ एक काले रंग की स्कॉर्पियो (BR 01 PC 4162) को जब्त किया है। इस दौरान पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य आरोपित मौके से फरार हो गया।
थानाध्यक्ष नंदकिशोर नंदन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो वाहन के माध्यम से अवैध रूप से अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप ले जायी जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और एनएच-327ई पर अनंतपुर चौक से पूरब पाल ट्रेडर्स गोदाम के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।
इसी दौरान रानीगंज की ओर से आ रही संदिग्ध काले रंग की स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही स्कॉर्पियो से दो व्यक्ति उतरकर भागने लगे। पुलिस ने खदेड़कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए युवक की पहचान मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र के कजरा वार्ड-11 निवासी सूर्यनारायण यादव के पुत्र मंजेश कुमार (20) के रूप में हुई है।
वाहन की तलाशी लेने पर स्कॉर्पियो से कुल 25 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 222.75 लीटर बताई गई है। पूछताछ में मंजेश कुमार ने बताया कि यह शराब शंकरपुर थाना क्षेत्र के मोरा झरकहा वार्ड-17 निवासी डोमी यादव के पुत्र कुलदीप यादव के यहां पहुंचाई जानी थी। उसने फरार आरोपी का नाम उज्ज्वल कुमार बताया।
मामले में लाइनर की भूमिका निभा रहे त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के डपरखा निवासी मुकेश कुमार के घर पर भी पुलिस ने छापेमारी की। वहां से उसकी स्विफ्ट कार (BR 11 AAF 6754) जब्त की गई, जिसमें से एक वॉकी-टॉकी बरामद हुआ।
मंजेश कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने शंकरपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर कुलदीप यादव को भी गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब में रॉयल स्टेग सुपीरियर व्हिस्की, रॉयल स्टेग प्रीमियम व्हिस्की और इम्पेरियर ब्लू रिजर्व ग्रीन व्हिस्की शामिल है।
पुलिस ने स्कॉर्पियो के साथ दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मंजेश कुमार, कुलदीप यादव, उज्ज्वल कुमार, वाहन स्वामी सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।