हेडलाइन:
कटिहार में पुलिस की कार्रवाई: हथवाड़ा चौक से सरपंच पुत्र समेत 6 शराबी गिरफ्तार
खबर:
कटिहार। फलका थाना पुलिस ने रविवार को गश्ती के दौरान थाना क्षेत्र के हथवाड़ा चौक के समीप शराब पीकर हंगामा कर रहे सरपंच पुत्र समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
थानाध्यक्ष रवि कुमार राय ने बताया कि गश्ती के क्रम में सूचना मिली कि हथवाड़ा चौक के पास पांच–छह व्यक्ति शराब के नशे में हंगामा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे छह लोगों को पकड़ लिया।
पकड़े गए व्यक्तियों ने अपना नाम नीतीश कुमार, श्रीराम शर्मा (दोनों अमोल), धनंजय कुमार (हथवाड़ा), रौशन कुमार, सुबोध कुमार और श्याम महलदार (तीनों कालीनगर निवासी) बताया। पूछताछ के दौरान सभी के मुंह से शराब की गंध आ रही थी।
इसके बाद ब्रेथ एनेलाइजर मशीन से जांच की गई, जिसमें सभी के शराब पीने की पुष्टि हुई। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ मद्य निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।