हेडलाइन:
बनमा ईटहरी में सीएनजी ऑटो से 25.875 लीटर विदेशी शराब बरामद, छह तस्कर गिरफ्तार
खबर:
सहरसा जिले के बनमा ईटहरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सीएनजी ऑटो से 25.875 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शराब के साथ ऑटो को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सलखुआ की ओर से एक ऑटो में अवैध शराब लाकर बनमा चौक की ओर ले जाया जा रहा है। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर बनमा ईटहरी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सअनि ईश्वर दयाल सिंह पुलिस बल के साथ हनसारी मोड़, परसाहा के पास वाहन जांच शुरू की।
इसी दौरान सलखुआ की ओर से आ रहे एक ऑटो को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसमें सवार लोग भागने लगे। पुलिस ने खदेड़कर सभी छह लोगों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार लोगों में श्रवण कुमार, राजीव शर्मा, मिथिलेश शर्मा और रविंद्र चौधरी (सभी ग्राम सितुआहा बांध, थाना सलखुआ), मिथिलेश यादव (ग्राम महादेव मठ, थाना सलखुआ) तथा इजामुल (ग्राम पिपरा खैरबा पार, थाना चौथम, जिला खगड़िया) शामिल हैं।
पुलिस ने ऑटो की तलाशी ली तो सीट के नीचे छिपाकर रखे तीन प्लास्टिक बैग से 22 बोतल 750 एमएल एम्पीरियल ब्लू, 11 बोतल 750 एमएल अप्सरा च्वाइस और 3 बोतल 375 एमएल एम्पीरियल ब्लू बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा 25.875 लीटर पाई गई।
पुलिस ने ऑटो (बीआर34पी 6933) को जब्त कर लिया है। इस संबंध में थाना में प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय भेज दिया गया है।