किशनगंज में अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश: 4 अपराधी गिरफ्तार, 6 बाइक और 2 मोबाइल बरामद
किशनगंज जिले में चोरी की मोटरसाइकिलों की बरामदगी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने 4 सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 6 चोरी की मोटरसाइकिल और 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक, किशनगंज के निर्देशानुसार जिले में चोरी की मोटरसाइकिलों की बरामदगी के लिए सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 मार्च 2026 को पहाड़कट्टा थाना पुलिस वाहन जांच कर रही थी। जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में उसकी पहचान समीरुद्दीन (40 वर्ष), निवासी धुलाबाड़ी, थाना पहाड़कट्टा, जिला किशनगंज के रूप में हुई।
संदिग्ध व्यक्ति से मोटरसाइकिल के कागजात मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद मोटरसाइकिल को थाना लाकर जांच की गई, जिसमें चेसिस और इंजन नंबर पंजीकरण विवरण से अलग पाए गए। इससे मोटरसाइकिल के चोरी की होने की पुष्टि हो गई।
पकड़े गए आरोपी से गहन पूछताछ, मानवीय आसूचना संकलन और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने एक अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का सफलतापूर्वक भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान इस गिरोह के कुल 4 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर 6 चोरी की मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी कर उसे अलग-अलग जगहों पर बेचते थे। बरामद किए गए वाहनों के स्वामित्व की जांच की जा रही है, ताकि विधिसम्मत कार्रवाई पूरी कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा जा सके।
इस संबंध में पहाड़कट्टा थाना कांड संख्या 63/26 दिनांक 14 मार्च 2026 को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और अन्य चोरी की मोटरसाइकिलों की बरामदगी के लिए छापेमारी अभियान जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
- समीरुद्दीन (40 वर्ष), पिता – अयनुल हक, निवासी धुलाबाड़ी, थाना पहाड़कट्टा, जिला किशनगंज
- गुलशाद आलम, पिता – अफाक आलम, जिला किशनगंज
- अरफाज, पिता – मो. तसरूद्दीन, निवासी छगलिया, थाना पहाड़कट्टा, जिला किशनगंज
- आरिफ, पिता – नोयेश, निवासी धुलाबाड़ी, थाना पहाड़कट्टा, जिला किशनगंज
बरामदगी:
- 6 मोटरसाइकिल
- 2 मोबाइल फोन
छापेमारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी:
- पुलिस निरीक्षक पंकज पंथ, अंचल पुलिस निरीक्षक ठाकुरगंज
- पु.अ.नि. फलेंद्र कुमार, पहाड़कट्टा थाना
- पु.अ.नि. महेश कुमार, पोठिया थाना
- पु.अ.नि. मनोज रविदास, पहाड़कट्टा थाना
- पु.अ.नि. राज किशोर मंडल, पहाड़कट्टा थाना