सलखुआ (सहरसा)। सलखुआ थाना क्षेत्र के कोपरिया गांव में रविवार की दोपहर बाद उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गांव से करीब तीन किलोमीटर बहियार में एक 20 वर्षीय युवती की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी।घटना यज्ञ स्थल से पूरब करीब तीन किलोमीटर दूर मक्के के खेत में हुई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतका की पहचान कोपरिया पंचायत के वार्ड 13 निवासी धीरेन्द्र यादव की 20वर्षीय पुत्री शुषम कुमारी के रूप में हुई है।
घास लाने गई थी मृतका, महिलाओं ने देखा शव
मिली जानकारी के अनुसार, शुषम कुमारी रविवार को घर से बहियार में घास लाने के लिए निकली थी। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने मक्के के खेत में उसे घेरकर उसकी गर्दन में गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी बहियार के सुनसान होने का फायदा उठाकर आसानी से फरार हो गए।
घटना का खुलासा तब हुआ जब गांव की ही कुछ अन्य महिलाएं घास लेकर वापस घर लौट रही थीं। रास्ते में मक्के के खेत के पास उन्होंने युवती को खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा देखा। महिलाओं ने घबराकर शोर मचाया और दौड़कर गांव वालों को इसकी सूचना दी।
खबर मिलते ही परिजन और सैकड़ों ग्रामीण बदहवास हालत में घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। जवान बेटी का शव देखते ही स्वजनों में चीख-पुकार मच गई और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
एफएसएल ने जुटाए साक्ष्य
हत्या की सूचना मिलते ही सलखुआ थाना पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। सबसे पहले एसआई बबलू कुमार, एसआई कृष्णा प्रसाद व एसआई दीपक कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को नियंत्रित किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए कुछ ही देर बाद सर्किल इंस्पेक्टर मो. सुजाउद्दीन और थानाध्यक्ष संजना कुमारी भी घटनास्थल पर पहुंच गईं।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सहरसा भेज दिया। मामले की तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के लिए साइबर डीएसपी अजित कुमार के नेतृत्व में एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य संकलित किए हैं।
हर बिंदु पर हो रही है तफ्तीश : डीएसपी
घटनास्थल का मुआयना करने पहुंचे साइबर डीएसपी अजित कुमार ने बताया कि "कोपरिया गांव के बहियार में एक युवती का शव बरामद किया गया है। प्रथम दृष्टया यह साफ है कि युवती की गोली मारकर हत्या की गई है; गोली सीधे गर्दन में मारी गई है। परिजनों का कहना है कि वह घास लाने के लिए खेत की तरफ गई थी, तभी यह वारदात हुई।"
डीएसपी ने आगे कहा कि पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए हर एक बिंदु पर बारीकी से जांच कर रही है। जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस लगातार गश्त कर रही है।