सहरसा। शहरी क्षेत्र में अवैध तरीके से जबरन ऑटो, ई रिक्शा व अन्य वाहनों से वसूली का चौक-चौराहे पर खेल चल रहा है। कुछ जगहों पर सही तो कुछ जगहों पर फर्जीवाड़ा किया जा रहा है।
फर्जी पर्ची काटने की सूचना के आधार पर सदर कार्यपालक दंडाधिकारी और सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सर्वा ढाला के पास से एक युवक सहरसा बस्ती वार्ड नंबर 27 निवासी संजर आलम को फर्जी बेरियर पर्ची काटते हुए हिरासत में लिया। उसके पास से कई पर्ची भी बरामद हुआ है।
इस संबंध में सदर कार्यपालक दंडाधिकारी राहुल राज ने सदर थाना में आवेदन देकर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने आवेदन में कहा कि शहरी क्षेत्र में चौक-चौराहे पर अवैध वसूली पर नजर रख कार्रवाई संबंधित पत्र सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वारा दिया गया।
जबरन रंगदारी स्वरूप पर्ची काट बेरियर वसूल रहा
उसके बाद ऐसे अवैध वसूली वालों की जांच पड़ताल के दौरान सूचना मिली की सर्वा ढाला पर एक युवक जबरन रंगदारी स्वरूप पर्ची काट बेरियर वसूल रहा है। सदर थाना पुलिस को सूचित कर वहां पहुंचने पर देखा कि एक युवक के हाथ में पर्ची है उसे पुलिस बल द्वारा खदेड़कर पकड़ा गया।
तलाशी लेने पर उसके पास से मुख्य बस बड़ाव नगर निगम सहरसा वर्ष 2025-2026 के आटो का अभिकर्ता का नाम मुरारी प्रसाद यादव लिखा पर्ची मिला। जिसमें कई पर्ची कटा हुआ था तो कई काटा जा रहा था। मौके पर साक्ष्य के साथ मौजूद स्थानीय गवाह के साथ पुलिस को सुपुर्द कर प्राथमिकी दर्ज कराया गया।
निगरानी कर कार्रवाई जारी
इस संबंध में सदर एसडीओ श्रेयांस तिवारी ने बताया कि अवैध और जबरन वसूली करने वालों की निगरानी कर कार्रवाई की जा रही है। आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगा।