Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:सुपौल की रूबी कुमारी ने UPSC में 954वां रैंक किया हासिल, पहले ही प्रयास में पाई सफलता - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, March 7, 2026

BIHAR:सुपौल की रूबी कुमारी ने UPSC में 954वां रैंक किया हासिल, पहले ही प्रयास में पाई सफलता

हेडलाइन:
सुपौल की रूबी कुमारी ने UPSC में 954वां रैंक किया हासिल, पहले ही प्रयास में पाई सफलता

खबर:
सुपौल: सरायगढ़. कड़ी मेहनत और मजबूत इरादों के बल पर एक बेटी ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 954वां रैंक हासिल कर जिले और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

सरायगढ़ भपटियाही प्रखंड के भपटियाही पंचायत वार्ड संख्या 09 निवासी मिठाई दुकानदार संजय साह की पुत्री रूबी कुमारी की इस सफलता से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। रूबी कुमारी ने यह उपलब्धि अपने पहले ही प्रयास में हासिल की है, जो उनकी मेहनत और लगन का प्रमाण है।

रूबी कुमारी की प्रारंभिक शिक्षा मध्य विद्यालय भपटियाही से हुई। इसके बाद उन्होंने बिहारी गुरमैता उच्च माध्यमिक विद्यालय भपटियाही से मैट्रिक की परीक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण की। इंटरमीडिएट की पढ़ाई बीएन इंटर कॉलेज भपटियाही से पूरी करने के बाद उन्होंने दरभंगा स्थित मारवाड़ी कॉलेज से इतिहास विषय में बीए की परीक्षा भी प्रथम श्रेणी से पास की।

उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद रूबी कुमारी ने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए नोएडा (नई दिल्ली) स्थित दृष्टि आईएएस कोचिंग संस्थान से मार्गदर्शन लिया। उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में यूपीएससी परीक्षा में 954वां रैंक हासिल कर लिया।

शादी के बाद भी जारी रखी पढ़ाई
रूबी कुमारी ने बताया कि शादी के बाद भी उन्होंने पढ़ाई जारी रखी और अपने लक्ष्य को पाने के लिए लगातार मेहनत करती रहीं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और पति को दिया।

रूबी की इस उपलब्धि से उनके परिवार में खुशी का माहौल है। पिता संजय साह, माता सोनिया देवी, पति अनिल कुमार साह, बहन आरती कुमारी, ओम कुमार और सपना कुमारी सहित अन्य परिजनों ने उनकी सफलता पर गर्व जताया है। 🎉