Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:सहरसा में गैंगस्टाइल मर्डर: थार सवार युवक को 12 गोलियां मारकर हत्या, 3 दोस्त फरार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, March 14, 2026

SAHARSA:सहरसा में गैंगस्टाइल मर्डर: थार सवार युवक को 12 गोलियां मारकर हत्या, 3 दोस्त फरार

हेडलाइन:
सहरसा में थार सवार युवक की गोलियों से हत्या: आंख, सीना, गला और सिर में मारीं 12 गोलियां, वारदात के बाद 3 दोस्त फरार

सहरसा:
सहरसा में अपराधियों ने एक युवक की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी। सदर थाना क्षेत्र में दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने थार गाड़ी में बैठे युवक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना शुक्रवार रात करीब 10:20 बजे की बताई जा रही है।

मृतक की पहचान नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 32 स्थित विद्यापति नगर निवासी 29 वर्षीय सतीश कुमार झा उर्फ छोटू मिश्रा के रूप में हुई है। सतीश के पिता सेना में हवलदार रह चुके हैं और वह दो भाइयों में छोटा था।

घर से निकला, तीन घंटे बाद मिली हत्या की खबर

मृतक के बड़े भाई आशीष कुमार ने बताया कि सतीश शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे घर से नाश्ता कर अपनी थार गाड़ी से निकला था। रात करीब साढ़े दस बजे प्रेम नाम के युवक ने फोन कर सूचना दी कि सतीश को गोली मार दी गई है।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल सतीश को तुरंत एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आंख, पीठ, सीना और सिर में लगी गोलियां

बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब एक दर्जन राउंड फायरिंग की, जिनमें से लगभग 10 गोलियां सतीश के शरीर में लगीं। आंख, पीठ, छाती, गला और सिर सहित कई हिस्सों में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

गाड़ी में मौजूद थे तीन दोस्त, वारदात के बाद फरार

घटना के समय सतीश के साथ थार में तीन अन्य युवक भी मौजूद थे। उनकी पहचान रोशन कुमार सिंह, सुमित कुमार सिंह और गांधी कुमार यादव के रूप में हुई है। तीनों विद्यापति नगर वार्ड 32 के निवासी बताए जा रहे हैं।
बताया जाता है कि इन्हीं लोगों ने डायल 112 पर फोन कर घटना की सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही तीनों मौके से फरार हो गए और उनका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। इससे मामले में कई सवाल खड़े हो गए हैं।

मौके से 15 खोखा बरामद

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से 9 एमएम समेत अलग-अलग बोर के कुल 15 खोखे बरामद किए गए हैं। डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली जा रही है।

सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है।