मुजफ्फरपुर में ट्रेनिंग के दौरान होमगार्ड जवान की संदिग्ध मौत, पासिंग आउट से 8 दिन पहले गई जान
Muzaffarpur News: सिकंदरपुर स्थित होमगार्ड के आधुनिक प्रशिक्षण कैंप में ट्रेनिंग ले रहे एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान पटना जिले के सिगोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पतरिंगा गांव निवासी सोनू कुमार (23) के रूप में हुई है। सोमवार की रात करीब 8 बजे कैंप के मुख्य गेट के पास मंदिर के समीप उसका शव मुंह के बल गिरा हुआ मिला।
पासिंग आउट परेड से पहले छाया मातम
बताया गया कि सोनू कुमार 15 जनवरी से प्रशिक्षण ले रहा था और महज 8 दिनों बाद उसकी ट्रेनिंग पूरी होने वाली थी। पासिंग आउट परेड की तैयारी चल रही थी, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत ने पूरे कैंप को गमगीन कर दिया। साथी जवानों और अधिकारियों में शोक की लहर है।
परिजनों से बात के कुछ देर बाद मिली मौत की खबर
मृतक के ममेरे भाई विकास कुमार के अनुसार, घटना से कुछ देर पहले ही सोनू से फोन पर बातचीत हुई थी। उसने बताया था कि वह मेस में खाना खाने के बाद बर्तन धोने जा रहा है। इसके कुछ ही मिनट बाद उसकी मौत की सूचना मिल गई।
घटना स्थल पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही होमगार्ड कमांडेंट अमीर इसरार और नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, सोनू दिनभर ट्रेनिंग में शामिल था और रात में खाना खाने के बाद बैरक की ओर जा रहा था, तभी मंदिर के पास गिर पड़ा।
मौत के कारण पर सस्पेंस, रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि जवान की मौत हार्ट अटैक से हुई या गिरने के कारण। पुलिस और होमगार्ड प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
कमांडेंट ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद जवान को कैंप में शोक सलामी दी जाएगी, जिसके बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं पुलिस अन्य ट्रेनी जवानों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है।