हेडलाइन:
सहरसा में 12 गोलियां मारकर युवक की हत्या: मीरा सिनेमा रोड पर बाइक सवार बदमाशों का तांडव, इलाके में दहशत
सहरसा: बिहार के सहरसा जिले में शुक्रवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। सदर थाना क्षेत्र के मीरा सिनेमा रोड के पास बाइक सवार अपराधियों ने 30 वर्षीय युवक को ताबड़तोड़ गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान छोटू मिश्रा उर्फ सुजीत कुमार झा के रूप में हुई है, जो विद्यापति नगर स्थित फकीर टोला का रहने वाला बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे छोटू मिश्रा मीरा सिनेमा रोड के पास मौजूद था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर पहुंचे अपराधियों ने बेहद करीब से उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने करीब 10 से 12 गोलियां चलाईं, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। गोलीबारी की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और घायल युवक को आनन-फानन में एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार मृतक को आंख, सिर, छाती, पसली और कमर में कई गोलियां लगी थीं।
घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से करीब 12 खोखे बरामद किए हैं। मामले की जांच के लिए वैज्ञानिक टीम और श्वान दस्ते को भी बुलाया गया है।
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। बताया जा रहा है कि मृतक का आपराधिक इतिहास भी रहा है। फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।