सुपौल। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी सात निश्चय 3 योजना के तहत डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग द्वारा नगर परिषद क्षेत्र में फिश फ्रेश कैच बिहार ब्रांड के खुदरा मछली आउटलेट स्थापित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।इसके तहत जिले में दो फिश आउटलेट खोले जाने का निर्देश प्राप्त हुआ है।
फिलहाल विभाग के निर्देश पर जिले के दो नगर परिषद क्षेत्र सुपौल और त्रिवेणीगंज में फीस आउटलेट खोलने के लिए जमीन की खोजबीन शुरू कर दी गई है। इसको लेकर मत्स्य विभाग ने जिलाधिकारी को जमीन उपलब्ध करा कर प्रस्ताव भेजने को कहा है।
जमीन चिह्नित कर अनापत्ति प्रमाण पत्र विभाग को उपलब्ध कराए जाने के बाद आउटलेट खोले जाने की दिशा में पहल शुरू कर दी जाएगी। इस पहल से जहां मछली कारोबार को नई दिशा मिलेगी वहीं आमलोगों को स्वच्छ और ताजी मछली आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।
विभागीय पदाधिकारी ने बताया कि कृषि में प्रगति प्रदेश की समृद्धि कार्यक्रम के तहत डेयरी और मत्स्य पालन को विशेष बढ़ावा देने का लक्ष्य किया गया है। इसी क्रम में शहरी क्षेत्र में आधुनिक फीस आउटलेट स्थापित किए जाएंगे।
बताया कि जिले को दो आउटलेट का लक्ष्य दिया गया है। यह आउटलेट नगर परिषद क्षेत्र में स्थापित किया जाना है। इसमें से एक सुपौल तथा दूसरा नगर परिषद त्रिवेणीगंज को शामिल किया जाना है।
आउटलेट के लिए 225 वर्ग फीट भूमि की आवश्यकता
विभाग की माने तो प्रत्येक फीस आउटलेट के लिए लगभग 225 वर्ग फीट भूमि की आवश्यकता होगी। इन केंद्रों के संचालन विभाग के निगम या फेडरेशन के माध्यम से किया जाएगा। यहां स्थानीय स्तर पर उपलब्ध देसी और ताजी मछली स्वच्छता और गुणवत्ता के साथ आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जाएगी।
विभागीय गाइडलाइन के अनुसार, स्थल चयन करते समय संपर्क मार्ग, पर्याप्त उपयोगी स्थान और स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखा जाएगा।
विभाग ने जिला मत्स्य पदाधिकारी को जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर जल्द स्थल चयन कर अनापत्ति देने को कहा है। फिलहाल सरकार की इस पहल से जहां शहर वासियों को ताजा मछली उपलब्ध होगी वही रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
विभागीय निर्देश के आलोक में जिले में आमलोगों को ताजी मछली उपलब्ध कराने के लिए दो फीस आउटलेट खोले जाएंगे। इस संबंध में जमीन उपलब्ध कराने को लेकर जिला प्रशासन को पत्र भेजा गया है। जमीन उपलब्ध होते ही विभाग आगे की कार्रवाई करेगी। - संजय कुमार, जिला मत्स्य पदाधिकारी