Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:लापरवाही पर बंदरा अंचल के लिपिक संजय कुमार राकेश निलंबित, विभागीय जांच शुरू - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, May 6, 2026

BIHAR:लापरवाही पर बंदरा अंचल के लिपिक संजय कुमार राकेश निलंबित, विभागीय जांच शुरू

मुजफ्फरपुर: लापरवाही पर बंदरा अंचल के लिपिक संजय कुमार राकेश निलंबित, विभागीय जांच शुरू

मुजफ्फरपुर | कोशी लाइव

मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा अंचल कार्यालय में कार्यरत लिपिक संजय कुमार राकेश को अनुशासनहीनता, कर्तव्य के प्रति लापरवाही और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना के आरोप में जिलाधिकारी ने निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ बिना सूचना लगातार अनुपस्थित रहने और कार्यालयीन कार्यों में उदासीनता बरतने के आरोप भी हैं, जिससे प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे।


बार-बार स्पष्टीकरण के बावजूद नहीं दिया संतोषजनक जवाब

मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित कर्मी से पूर्व में कई बार स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। शनिवार को जिलाधिकारी के बंदरा अंचल कार्यालय निरीक्षण के दौरान भी वे अनुपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान उनके खिलाफ कई शिकायतें भी सामने आईं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।


निलंबन अवधि में मुख्यालय निर्धारित, भत्ता मिलेगा

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय निर्धारित कर दिया गया है। नियमों के अनुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। साथ ही, उनके विरुद्ध विभागीय जांच शुरू करने का आदेश भी जारी किया गया है।


अपर समाहर्ता को जांच की जिम्मेदारी

जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता को आरोप पत्र गठित कर जल्द से जल्द जांच प्रक्रिया शुरू करने की जिम्मेदारी सौंपी है, ताकि मामले में आगे की कार्रवाई की जा सके।


डीएम की सख्त चेतावनी

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा है कि सरकारी कार्यों में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कर्मियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।