सड़क हादसे में जदयू विधायक हुए थे घायल
दरअसल कुछ दिन पहले मधेपुरा से पटना आते समय उनका सड़क हादसा हो गया था। जानकारी के मुताबिक उनकी कार को एक ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी थी, जिससे कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। उस समय कार में विधायक समेत पांच लोग सवार थे। हालांकि राहत की बात यह रही कि टक्कर के तुरंत बाद कार के एयरबैग खुल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस दुर्घटना में निरंजन मेहता के पैर में चोट आई है, लेकिन उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
राज्यसभा की 5 सीटों के लिए वोटिंग जारी
विधानसभा पहुंचने के बाद उन्होंने बताया कि एनडीए के अधिकांश विधायक मतदान कर चुके हैं। उनके अनुसार भारतीय जनता पार्टी के सभी 89 विधायक वोट डाल चुके हैं। इसके अलावा लोक जनशक्ति पार्टी के 19 विधायक, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के 5 विधायक और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के सभी 4 विधायक मतदान कर चुके हैं। वहीं जनता दल (यूनाइटेड) के अब तक 83 विधायक वोट डाल चुके हैं। ताजा जानकारी के मुताबिक एनडीए के कुल 201 विधायक मतदान कर चुके हैं, जबकि जदयू के अजीत कुमार का वोट अभी बाकी है।
एक सीट पर दिलचस्प मुकाबला
दूसरी ओर महागठबंधन की ओर से अब तक 37 विधायकों ने मतदान किया है। राज्यसभा चुनाव में एनडीए की ओर से नीतीश कुमार, रामनाथ ठाकुर, नितिन नवीन, शिवेश राम और उपेंद्र कुशवाहा उम्मीदवार हैं। वहीं महागठबंधन की ओर से एडी सिंह मैदान में हैं। संख्या बल के आधार पर चार उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है, जबकि पांचवीं सीट के लिए मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है। सभी की नजरें अब मतदान के बाद होने वाली मतगणना और अंतिम नतीजों पर टिकी हैं।
वहीं जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि एनडीए के पांचों प्रत्याशी जीतेंगे। चुनाव के समय बहुत लोग अपनी अंतरात्मा पर भी वोट देते हैं। हम आश्वस्त हैं कि हम बड़े मार्जिन से जीतेंगे।