Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:NH-106 पर भीषण सड़क हादसा: बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, March 16, 2026

SAHARSA:NH-106 पर भीषण सड़क हादसा: बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

हेडलाइन:
NH-106 पर भीषण सड़क हादसा: बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

पतरघट (सहरसा)। पस्तपार थाना क्षेत्र के सबैला मोड़ स्थित एनएच-106 पर सोमवार अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मृतक की पहचान पस्तपार पंचायत के बेलदारी बस्ती वार्ड संख्या 11 निवासी अशोक यादव के 24 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक उसी गांव के अर्जुन यादव के 22 वर्षीय पुत्र कुंदन कुमार बताए जा रहे हैं, जिन्हें इलाज के लिए मधेपुरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पस्तपार थाना से पुअनि अमरजीत कुमार, पुअनि संतोष सिंह, पुअनि जितेंद्र कुमार तथा डायल-112 की टीम के सअनि विकास कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों से जानकारी लेने के बाद कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सहरसा भेज दिया और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर थाना ले आई।

परिजनों के अनुसार नीतीश कुमार अपनी बाइक (BR 43 AG 3748) से पड़ोसी कुंदन कुमार को साथ लेकर मजदूरी करने के लिए मधेपुरा ट्रेन पकड़ने जा रहा था। इसी दौरान सबैला मोड़ के समीप विपरीत दिशा से आ रही एक अज्ञात पिकअप वैन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में बाइक चला रहे नीतीश कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि कुंदन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए और शव से लिपटकर बिलखते रहे। मृतक की पत्नी जूली कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि नीतीश कुमार की शादी दो वर्ष पूर्व पामा पंचायत निवासी स्वर्गीय फोकन यादव की पुत्री से हुई थी।

मृतक के पिता अशोक यादव ने बताया कि नीतीश तीन भाइयों और चार बहनों में दूसरे नंबर पर था। सभी बहनों की शादी हो चुकी है। चार वर्ष पहले उनकी मां का बीमारी से निधन हो गया था, जिसके बाद घर की पूरी जिम्मेदारी नीतीश कुमार पर ही थी।

पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव घर पहुंचा, परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया और गांव में मातम छा गया। घटना की जानकारी मिलने पर युवा समाजसेवी व शिक्षाविद मिथुन कुमार समेत कई पंचायत प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और प्रशासन से मृतक के परिजनों को सरकारी सहायता दिलाने की मांग की।

पुलिस अज्ञात पिकअप वैन की तलाश में जुट गई है।