पूर्णिया में मंगलवार को सड़क हादसे में NGO संचालक की मौत हो गई। शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवार को तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी और भाग निकला। हादसा इतना जबरदस्त था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पैनोरमा स्क्वायर के समीप हुआ। हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने कॉल कर पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान मरंगा थाना क्षेत्र के हरदा बाजार के रहने वाले रामानंद पंडित के बेटे मनीष कुमार पंडित 34 के रूप में हुई है। मनीष मूल रूप से समस्तीपुर के रहने वाले हैं। इनकी मौत के बाद से परिजनों में मातम पसरा है।
गुलाबबाग में बाइक से शादी में शामिल होने गए थे
घटना की जानकारी देते हुए मृतक के दोस्त राजन यादव ने बताया कि मनीष कुमार पंडित पूर्णिया के हरदा में बड़ी मां नीरा देवी के पास रहते थे। हरदा में हरिजन आदिवासी संस्थान नाम की संस्था के संचालक थे। सोमवार देर शाम बाइक से गुलाबबाग शादी में गए थे। शादी अटेंड कर लौटने के क्रम में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मारी।
हादसा इतना जबरदस्त था कि न सिर्फ बाइक के परखच्चे उड़ गए बल्कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इधर हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटता देख चालक बाइक लेकर फरार हो गया।
मौके पर जुटे लोगों ने पुलिस और मृतक के दोस्तों को कॉल कर घटना की जानकारी दी। इधर युवक के मौत की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, चीख पुकार मच गया। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।