हेडलाइन:
किशनगंज में साइकिल चोरी के आरोप में युवक की पिटाई: भीड़ ने जमकर पीटा, पुलिस ने छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया
खबर:
किशनगंज शहर के अस्पताल रोड में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब साइकिल चोरी के आरोप में एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। आरोप है कि युवक साइकिल चुराने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान आसपास मौजूद लोगों की नजर उस पर पड़ गई और लोगों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ जुट गई और गुस्साए लोगों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीड़ ने युवक को काफी देर तक पीटा, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।