हेडलाइन:
फसल क्षति पर मुआवजा देने की मांग तेज: कुमारी विनीता भारती ने कृषि पदाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
पप्पू मेहता की रिपोर्ट/मधेपुरा। जिले में हाल ही में आई आंधी-तूफान से हुई भारी फसल क्षति को लेकर मुआवजे की मांग तेज हो गई है। पूर्व पार्षद व पूर्व मुख्य पार्षद प्रत्याशी सह राजद की प्रदेश उपाध्यक्ष कुमारी विनीता भारती ने जिला कृषि पदाधिकारी रितेश रंजन से मुलाकात कर किसानों के लिए मुआवजा की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
मुलाकात के दौरान कुमारी विनीता भारती ने कहा कि 20 और 21 तारीख को आए तेज आंधी-तूफान से जिले सहित मधेपुरा नगर के किसानों की मक्का और गेहूं की फसल को लगभग 90 प्रतिशत तक नुकसान पहुंचा है। इस वजह से किसान काफी परेशान हैं और उन्हें तत्काल राहत की जरूरत है।
उन्होंने जिला कृषि पदाधिकारी से मांग की कि जल्द से जल्द सर्वे कार्य पूरा कर किसानों को मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें कुछ राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने नगर क्षेत्र के किसानों को भी मुआवजा देने की मांग उठाई।
इस पर जिला कृषि पदाधिकारी रितेश रंजन ने आश्वासन दिया कि फसल क्षति का सर्वे कार्य जारी है और जल्द ही रिपोर्ट तैयार कर बिहार सरकार को भेजी जाएगी, जिसके बाद किसानों को नियमानुसार मुआवजा प्रदान किया जाएगा।