आरजेडी के युवा और मुखर नेताओं में शुमार डॉ. मुकेश रौशन को यह धमकी भरे कॉल आने के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पूर्व विधायक को धमकी देने वाला अज्ञात शख्स खुद को देश के कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सक्रिय सदस्य बता रहा है। अपराधी द्वारा डॉ. मुकेश रौशन के मोबाइल पर लगातार व्हाट्सएप कॉल (WhatsApp Call) और रेगुलर वॉयस कॉल किए जा रहे हैं। कॉल करने वाला व्यक्ति बेहद आक्रामक लहजे में बात कर रहा है और बिश्नोई गैंग का खौफ दिखाकर पूर्व विधायक को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दे रहा है।
जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक डॉ. मुकेश रौशन को ये सभी धमकी भरे कॉल मोबाइल नंबर 9346060129 से आ रहे हैं। अपराधी इस विशेष नंबर का उपयोग कर लगातार उन्हें टारगेट कर रहा है। पुलिस अब इस नंबर के कॉल डिटेल्स रिकॉर्ड (CDR) और टावर लोकेशन को खंगालने में जुट गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह नंबर किसके नाम पर रजिस्टर्ड है और कॉल कहाँ से ऑपरेट की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व विधायक डॉ. मुकेश रौशन ने तुरंत इसकी जानकारी फोन कर पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) और स्थानीय आगमकुआं थाना को दी है। पुलिस ने मामले को बेहद संवेदनशीलता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही पूर्व विधायक की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है और पुलिस तकनीकी सेल की मदद से आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।