हेडलाइन:
मधेपुरा में घर का ताला तोड़ 20 लाख के जेवर व 1.5 लाख नकद चोरी, CCTV में कैद हुए तीन संदिग्ध
खबर:
मधेपुरा. सदर थाना क्षेत्र के सुखासन (चकला) वार्ड संख्या छह में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर घर का ताला तोड़कर करीब 20 लाख रुपये के जेवरात और एक लाख 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
पीड़ित संतोष कुमार सिंह ने इस संबंध में सदर थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि गुरुवार की अहले सुबह तीन चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद चोरों ने घर के एक कमरे के छज्जे पर रखे बक्से को उठाकर छत पर ले गए और उसमें रखे सभी जेवरात और नकदी निकाल लिए। चोरी के दौरान चोरों ने घर के सभी कमरों की कुंडी बाहर से बंद कर दी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे काली मंदिर और एक डिपो के सीसीटीवी कैमरों में तीन संदिग्ध चोरों की तस्वीर कैद होने की बात सामने आयी है। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है। इधर, इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है।