Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:रेल यात्रियों को लूटने वाला गैंग धरा, पुलिस ने हथियार-जेवर किए जब्त - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, March 12, 2026

BIHAR:रेल यात्रियों को लूटने वाला गैंग धरा, पुलिस ने हथियार-जेवर किए जब्त

भागलपुर से बड़ी खबर सामने आई है, जहां रेल पुलिस ने ट्रेनों में लूट, चोरी और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरोह से जुड़ी दो शातिर महिलाओं को डिटेन किया है और कई हथियारों के साथ लूट के सामान भी बरामद किए हैं।

 

जानकारी के अनुसार, बीते दिनों सूरत एक्सप्रेस ट्रेन में एक महिला यात्री के साथ चेन छिनतई की घटना हुई थी। इस घटना के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस ने जांच तेज कर दी। मामले के उद्भेदन के लिए सीआईबी जमालपुर, आरपीएफ भागलपुर और सीपीडीएस की संयुक्त टीम का गठन किया गया, जिसने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई शुरू की।

 

जांच के दौरान पुलिस टीम ने भागलपुर के अलीनगर इलाके में मोहम्मद जलाल, मोहम्मद लाल बाबू, मोहम्मद कलीम और मोहम्मद नाड़ा के घरों में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। मौके से दो देशी पिस्टल, चार देशी कट्टा, 18 जिंदा कारतूस और कई धारदार हथियार बरामद किए गए। इसके अलावा ट्रेनों में लूटपाट के दौरान छीने गए सोने-चांदी के जेवरात भी पुलिस ने जब्त किए हैं।

 

पुलिस के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से ट्रेनों में सक्रिय था और संगठित तरीके से यात्रियों को निशाना बनाकर लूटपाट और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरोह के सदस्य खास तौर पर भीड़भाड़ वाले ट्रेनों में यात्रियों को अपना शिकार बनाते थे और मौका मिलते ही उनके गहने और कीमती सामान छीनकर फरार हो जाते थे।

 

फिलहाल पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं को डिटेन कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है।

 

रेल पुलिस के अधिकारियों के अनुसार गिरोह में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए बिहार सहित देश के विभिन्न राज्यों में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह के सभी सदस्यों को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।