हेडलाइन:
किशनगंज में शराब तस्करी का अनोखा तरीका पकड़ा गया: JCB के टायरों में छिपाकर ले जा रहे थे 218 लीटर विदेशी शराब, दो तस्कर गिरफ्तार
खबर:
किशनगंज में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए उत्पाद विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में विभाग ने शराब तस्करी के एक अनोखे तरीके का खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर रामपुर चेकपोस्ट पर की गई कार्रवाई में एक पिकअप वैन से 218 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई, जिसे जेसीबी के टायरों के अंदर छिपाकर ले जाया जा रहा था।
अवर निरीक्षक कुंज बिहारी सिंह और सहायक निरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोका गया। पहली नजर में वैन में जेसीबी के टायर लदे हुए दिख रहे थे, लेकिन गहन जांच के दौरान टायरों के अंदर से भारी मात्रा में विदेशी शराब की बोतलें बरामद हुईं।
मौके से दो तस्करों मुंशी कुमार और गोलू कुमार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे पश्चिम बंगाल से शराब लोड कर खगड़िया जिले में पहुंचाने जा रहे थे।
उत्पाद विभाग ने बरामद शराब और पिकअप वैन को जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें सदर अस्पताल में स्वास्थ्य जांच कराई गई, जिसके बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
उत्पाद विभाग ने कहा है कि शराब तस्कर चाहे कितने भी नए तरीके अपनाएं, कानून की नजरों से बच नहीं पाएंगे। विभाग ने आने वाले दिनों में तस्करी और शराब पीने वालों के खिलाफ अभियान को और तेज करने की बात कही है।