Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:मधेपुरा में हथियार बनाने की फैक्ट्री पकड़ी गई: कट्टा-पिस्टल के साथ 2 भाई दबोचे गए - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, March 15, 2026

MADHEPURA:मधेपुरा में हथियार बनाने की फैक्ट्री पकड़ी गई: कट्टा-पिस्टल के साथ 2 भाई दबोचे गए

उदाकिशुनगंज (मधेपुरा)। आलमनगर प्रखंड के रतवारा थाना क्षेत्र में शनिवार की अलसुबह एसटीएफ के सहयोग से मधेपुरा पुलिस ने मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस की छापेमारी में बड़ी संख्या में निर्मित, अर्धनिर्मित हथियार और उपकरण बरामद किया है।

मौके से तस्कर दो भाईयों को गिरफ्तार किया गया। दोनों का मोबाइल भी जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपितों में रतवारा थाना क्षेत्र के गंगापुर बलहा बासा निवासी छबिलाल सिंह के पुत्र टुनो सिंह और पांडव कुमार शामिल हैं।

शनिवार की शाम प्रेस वार्ता कर SDOP अविनाश कुमार ने बताया कि हथियार तस्करी का तार मुंगेर जिले के तस्कर से जुड़ा हुआ है। मुंगेर के तस्करों का पता लगा लिया गया है।

वहां भी पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही संलिप्त अन्य तस्करों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार दोनों तस्करों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

खूफिया जानकारी मिलने पर कार्रवाई

एसडीपीओ ने बताया कि शनिवार की अलसुबह सूचना मिली कि रतवारा के गंगापुर बलहा बासा के छबिलाल सिंह के पुत्र राजीव सिंह अपने घर में मिनी गन फैक्ट्री का संचालन कर रहा है।

इसमें मुंगेर के कारीगरों द्वारा हथियार बनाने की सूचना मिली। एसटीएफ एवं डीआइयू की टीम के साथ रतवारा और आलमनगर थाना की पुलिस ने राजीव सिंह के घर की घेराबंदी कर छापेमारी की।

इस दौरान दो व्यक्ति घर से भागने लगे। जिसे पुलिस बल के सहयोग से पकड़ा गया। जिसमें राजीव सिंह के भाई टुनो सिंह और पांडव कुमार शामिल हैं।

भारी मात्रा में हथियार बरामद

तलाशी के क्रम में पुलिस ने टुनो सिंह के कमर से लोडेड कट्टा व एक कारतूस और पांडव कुमार के पास से एक मास्केट बरामद हुआ।

इसके बाद राजीव सिंह के घर की तलाशी के क्रम में 32 पीस अर्धनिर्मित पिस्टल, छह पीस पिस्टल स्लाइड, 26 पीस पिस्टल ग्रिप, दो मास्केट, 19 कारतूस, दो पीस मैगजीन, दो पीस कट्टा का बैरल, एक कट्टा, लेथ मशीन सहित एवं अन्य हथियार बनाने का उपकरण बरामद किया गया।

एसडीपीओ ने बताया कि बरामद आग्नेयास्त्र एवं उपकरण बरामदगी के संबंध में सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर संलिप्त अन्य लोगों की पहचान कर ली गई है।

छापेमारी जारी है। जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तार आरोपितों को को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।