Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:'मधेपुरा में दोस्त की गड़ासे से हत्या: पत्नी से अवैध संबंध के शक में रची साजिश, आरोपी बोला– आपत्तिजनक हालत में देखा था - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, March 15, 2026

MADHEPURA:'मधेपुरा में दोस्त की गड़ासे से हत्या: पत्नी से अवैध संबंध के शक में रची साजिश, आरोपी बोला– आपत्तिजनक हालत में देखा था

हेडलाइन:
मधेपुरा में दोस्त की गड़ासे से हत्या: पत्नी से अवैध संबंध के शक में रची साजिश, आरोपी बोला– आपत्तिजनक हालत में देखा था

मधेपुरा: बिहारीगंज थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में 21 वर्षीय रवि मोहन कुमार की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने मृतक के ही दोस्त विक्रम ऋषिदेव और उसके चचेरे भाई सतीश कुमार को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में मुख्य आरोपी विक्रम ऋषिदेव ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि पत्नी के साथ अवैध संबंध के शक में उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

विक्रम ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी और रवि मोहन के बीच करीब ढाई साल से नाजायज संबंध थे। उसने कई बार दोनों को आपत्तिजनक हालत में देखा था। 26 फरवरी को बहन की शादी के दिन भी दोनों को साथ देखने के बाद उसने रवि मोहन की हत्या करने का फैसला कर लिया।

आरोपी ने होली से पहले अपनी पत्नी को मायके भेज दिया, ताकि घटना के समय वह गांव में मौजूद न रहे। इसके बाद उसने अपने चचेरे भाई सतीश कुमार को साजिश में शामिल किया और दोनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई।

पुलिस के अनुसार, 11 मार्च को गांव में एक शादी समारोह के दौरान पटाखा फोड़ने को लेकर हुए विवाद को बहाना बनाया गया। उसी दिन दोनों ने हत्या में इस्तेमाल होने वाले चाकू और गड़ासा को घटनास्थल के पास छिपा दिया।

गुरुवार रात विक्रम ने फोन कर रवि मोहन को बहाने से ड्रेनेज किनारे बुलाया। वहां से उसे मक्का के खेत में ले जाकर दोनों ने चाकू और गड़ासा से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद दोनों ने घटना को दूसरी दिशा देने के लिए 10–12 बदमाशों के हमले की झूठी कहानी फैला दी। हालांकि पुलिस जांच में दोनों के बयान संदिग्ध लगे। सख्ती से पूछताछ करने पर पूरी सच्चाई सामने आ गई।

SDPO अविनाश कुमार ने बताया कि पुलिस ने करीब 10 घंटे के अंदर पूरे मामले का खुलासा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल हथियार और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।