हेडलाइन:
मधेपुरा में दर्दनाक सड़क हादसा: बाइक से गिरी महिला को स्कॉर्पियो ने कुचला, मौके पर मौत; पति घायल
खबर:
मधेपुरा जिले के चौसा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया। घटना लौआलगान स्थित बाबा विशु राउत मंदिर–चिरौरी मार्ग पर हुई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो वाहन को कब्जे में लेकर उसके मालिक को पकड़ लिया, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
पुलिस के अनुसार दंपति खोपड़ियां गांव से एक शादी समारोह में भोज खाकर अपनी पैशन एक्सप्रो मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। रात करीब दस बजे जब वे लौआलगान स्थित बाबा विशु राउत मंदिर–चिरौरी मार्ग पर पहुंचे, तभी अचानक मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई। इससे पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार सफेद स्कॉर्पियो ने महिला को कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल चला रहा उसका पति घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तत्काल दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौसा पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर सुवांगनी कुमारी ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल पति का प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा भेज दिया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि फरार होने के दौरान चालक ने वाहन की चाबी उसके मालिक आलोक वर्मा को उनके लौआलगान स्थित घर पर सौंप दी थी। जब वाहन मालिक गाड़ी लेकर लौट रहा था, तभी आक्रोशित ग्रामीणों ने वाहन को रोक लिया और उसे पकड़कर लौआलगान ले आए।
सूचना मिलते ही चौसा, फुलौत, रतवारा, आलमनगर और पुरैनी थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।