Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:मधेपुरा में सेंट्रल बैंक से दिनदहाड़े लूट: फायरिंग कर मैनेजर को बनाया बंधक, 1.30 लाख लेकर फरार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, March 26, 2026

MADHEPURA:मधेपुरा में सेंट्रल बैंक से दिनदहाड़े लूट: फायरिंग कर मैनेजर को बनाया बंधक, 1.30 लाख लेकर फरार

मधेपुरा में सेंट्रल बैंक से दिनदहाड़े लूट: फायरिंग कर मैनेजर को बनाया बंधक, 1.30 लाख लेकर फरार

मधेपुरा: जिले के भर्राही थाना क्षेत्र के मुरहो में गुरुवार दोपहर सेंट्रल बैंक की शाखा में हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया। करीब 12:30 बजे तीन अपराधी बैंक में घुसे और कुछ ही मिनटों में लगभग 1 लाख 30 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना के दौरान बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए दो राउंड फायरिंग भी की।

एएसपी प्रवेंद्र भारती ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। लूट की राशि करीब 1.30 लाख रुपये की पुष्टि हुई है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है।

गन प्वाइंट पर मैनेजर से खुलवाया वॉल्ट

बैंक के ब्रांच मैनेजर शिव कुमार के अनुसार, तीनों बदमाशों की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच थी। एक बदमाश बैंक के बाहर निगरानी कर रहा था, जबकि दो अंदर घुसे। अंदर घुसते ही उन्होंने ग्राहकों और चौकीदार को धक्का देकर किनारे कर दिया और फायरिंग कर दहशत फैला दी। इसके बाद एक अपराधी ने मैनेजर को गन प्वाइंट पर लेकर वॉल्ट खोलने को मजबूर किया। जान का खतरा देखते हुए मैनेजर ने वॉल्ट खोल दिया, जिसके बाद बदमाश नकदी लेकर फरार हो गए।

CCTV काम नहीं कर रहा था, सुरक्षा में चूक

बताया जा रहा है कि घटना के समय बैंक में पिछले तीन दिनों से सीसीटीवी कैमरों की वायरिंग का काम चल रहा था, जिससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित थी। इसी का फायदा उठाकर अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया। खास बात यह है कि बैंक पूर्व मुख्यमंत्री बीपी मंडल के पैतृक आवास के पास स्थित है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई पूरी घटना

प्रत्यक्षदर्शी जयराम कुमार ने बताया कि वे अपने भांजे के साथ बैंक आए थे, तभी काले कपड़े पहने तीन नकाबपोश बदमाश अंदर घुसे और हवाई फायरिंग करते हुए सभी को धमकाने लगे। बदमाशों ने ग्राहकों और स्टाफ को धक्का देकर किनारे किया और हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने तेज की कार्रवाई

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।