हेडलाइन:
मुजफ्फरपुर गोलीकांड पर सियासत तेज: ने दी जिला बंद की चेतावनी, बोले- आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ तो उग्र होगा आंदोलन
मुजफ्फरपुर: जिले के गायघाट थाना क्षेत्र में 8 दिन पहले हुए जगतवीर राय (55) की मौत के मामले में सियासत तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष गुरुवार को पहुंचे और चोरनिया गांव में मृतक के परिजनों से मुलाकात की। परिवार का आरोप है कि जगतवीर राय की मौत पुलिस की गोली से हुई है।
परिजनों से मुलाकात, न्याय का भरोसा
तेजस्वी यादव ने मृतक के परिजनों से मिलकर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले को मानवाधिकार आयोग तक ले जाया जाएगा और दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कराई जाएगी। मृतक के पिता गरीब नाथ राय ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष ने मामले को संसद में उठाने की भी बात कही है।
‘मैं कमजोर नहीं हूं, जनता हमारे साथ’
तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में अपराधी पहले से बेलगाम थे, अब पुलिस भी बदहाल हो चुकी है। उन्होंने कहा, “अगर किसी को लगता है कि हम कमजोर हैं, तो यह उनकी भूल है। सीटें भले कम हों, लेकिन जनता का समर्थन हमारे साथ है।”
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो पूरा मुजफ्फरपुर जिला बंद कराया जाएगा।
सरकार को दी सख्त चेतावनी
तेजस्वी ने कहा कि मामले में किसी तरह की लीपापोती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता अभी धैर्य में है, लेकिन अगर धैर्य टूटा तो इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। साथ ही उन्होंने इशारों में सत्ताधारी नेताओं पर भी निशाना साधा।
क्या है पूरा मामला?
घटना 17 मार्च की है, जब गायघाट थाना क्षेत्र के बेरूआ पंचायत के चोरनिया गांव में पुलिस पॉक्सो एक्ट के एक आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची थी। इसी दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच विवाद बढ़ गया और हिंसक झड़प हो गई।
पुलिस का कहना है कि भीड़ के हमले के बाद जवानों ने हवाई फायरिंग की, जबकि ग्रामीणों की ओर से भी गोलीबारी हुई। इसी दौरान जगतवीर राय को गोली लग गई, जिससे उनकी मौत हो गई।
वहीं, परिजनों ने थानाध्यक्ष पर सीधे सीने में गोली मारने का आरोप लगाया है।
इलाके में तनाव, जांच जारी
घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि विपक्ष इसे बड़ा मुद्दा बनाकर सरकार पर लगातार हमलावर है।