हेडलाइन:
मधेपुरा में युवक की हत्या का 10 घंटे में खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार, चाकू-कट्टा और मोबाइल बरामद
खबर:
मधेपुरा। बिहारीगंज थाना क्षेत्र में हुए युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 10 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में शामिल दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 12 मार्च 2026 को सूचना मिली कि ग्राम मोहनपुर निस्फ स्थित कैलाश मेहता के मक्का लगे खेत में एक व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या कर शव को वहीं छोड़ दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे, जहां खेत में एक युवक का शव पड़ा मिला।
शव की पहचान रवि मोहन कुमार (21 वर्ष), पिता मनोज कुमार मेहता, निवासी मोहनपुर निस्फ वार्ड नंबर 11, थाना बिहारीगंज, जिला मधेपुरा के रूप में हुई। पुलिस ने शव को परिजनों के सहयोग से पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पिता मनोज कुमार मेहता के आवेदन के आधार पर बिहारीगंज थाना कांड संख्या 75/26, दिनांक 13.03.2026 के तहत धारा 103(1)/3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। इसमें विक्रम ऋषिदेव (पिता उपेन्द्र ऋषिदेव) और सतीश कुमार (पिता गोपी ऋषिदेव), दोनों निवासी मोहनपुर निस्फ वार्ड नंबर 11 को नामजद किया गया।
पुलिस अधीक्षक मधेपुरा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी उदाकिशुनगंज के नेतृत्व में वैज्ञानिक अनुसंधान और मानवीय साक्ष्य के आधार पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक कट्टा, एक चाकू, अन्य सामान तथा मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी विक्रम ऋषिदेव ने अपने सहयोगी के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
दोनों गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। वहीं पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी:
थानाध्यक्ष कृष्णा कुमार सिंह, पु.अ.नि. अखिलेश कुमार सिंह, पु.अ.नि. दीपक कुमार, पु.स.अ.नि. भोगेंद्र पासवान समेत बिहारीगंज थाना की सशस्त्र बल की टीम शामिल रही।