हेडलाइन:
रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए रेवेन्यू ऑफिसर सस्पेंड: 6500 रुपये लेते विजिलेंस ने दबोचा, विभागीय जांच शुरू
खबर:
बिहार। बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने भ्रष्टाचार के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बरौली अंचल के रेवेन्यू ऑफिसर विजय कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है। उन्हें विजिलेंस टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा था। विभाग ने उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 13 जनवरी को विजिलेंस डिपार्टमेंट की टीम ने बरौली सर्किल ऑफिस में छापेमारी की थी। आरोप है कि रेवेन्यू ऑफिसर विजय कुमार सिंह जमीन की दाखिल-खारिज कराने के बदले रिश्वत मांग रहे थे। इसी दौरान टीम ने उन्हें 6500 रुपये लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया। घटना के बाद अंचल कार्यालय में काफी हलचल मच गई थी।
बताया जाता है कि बरौली थाना क्षेत्र के बघेझी गांव निवासी अमरेंद्र साह अपनी करीब 9.30 डिसमिल जमीन की दाखिल-खारिज कराने के लिए पिछले तीन वर्षों से सर्किल ऑफिस का चक्कर लगा रहे थे। कई बार प्रयास के बावजूद उनका काम नहीं हो पा रहा था। आरोप है कि रेवेन्यू ऑफिसर उनके काम के बदले 20 हजार रुपये की मांग कर रहे थे।
घूस की मांग से परेशान होकर अमरेंद्र साह ने विजिलेंस टीम से शिकायत की। शिकायत की जांच के बाद टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत 13 जनवरी की सुबह अमरेंद्र साह पैसे लेकर अंचल कार्यालय पहुंचे। जैसे ही उन्होंने 6500 रुपये दिए और अधिकारी ने पैसे लिए, उसी समय विजिलेंस टीम ने छापा मारकर उन्हें पकड़ लिया।
इस कार्रवाई में निगरानी अधीक्षक नागेंद्र कुमार के नेतृत्व में सात सदस्यीय टीम शामिल थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी को विशेष न्यायालय में पेश किया गया। मामले को गंभीर मानते हुए बिहार के डिप्टी सीएम व राजस्व मंत्री के निर्देश पर विभाग ने बिहार सरकारी सेवक नियमावली 2005 के तहत विजय कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है।
हिरासत से बाहर आने के बाद उनका मुख्यालय तिरहुत प्रमंडल आयुक्त कार्यालय, मुजफ्फरपुर निर्धारित किया गया है, जहां उन्हें नियमित रूप से उपस्थिति दर्ज करानी होगी। विभाग पूरे मामले की आगे जांच कर रहा है।