हेडलाइन:
नालंदा PHC में 10 हजार रिश्वत लेते BCM गिरफ्तार, आशा बहाली के नाम पर मांगे थे 25 हजार
नगरनौसा (नालंदा): जिले के नगरनौसा प्रखंड में निगरानी विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में तैनात ब्लॉक कम्युनिटी मोबिलाइजर (BCM) मनजीत कुमार को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने आशा कार्यकर्ता की बहाली के नाम पर पीड़िता से 25 हजार रुपए की मांग की थी।
मौके पर ही दबोचा गया आरोपी
पीड़िता बॉबी कुमारी ने पटना स्थित निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी कि मनजीत कुमार बहाली के बदले रिश्वत मांग रहा है। शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी टीम ने जाल बिछाया। गुरुवार को जैसे ही बॉबी ने पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपए दिए, पहले से तैनात टीम ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया।
पटना ले जाकर पूछताछ जारी
गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम आरोपी को अपने साथ पटना ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एक हफ्ते में दूसरी बड़ी कार्रवाई
नगरनौसा में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह एक सप्ताह के भीतर दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 20 मार्च को भी निगरानी विभाग ने नगरनौसा के बीपीआरओ (BPRO) को 12 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही कार्रवाई से इलाके के भ्रष्ट कर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है।