हेडलाइन:
दरभंगा में क्लोन एक्सप्रेस का कपलर चोरी: दो बदमाश गिरफ्तार, रेलवे यार्ड से काटकर ले गए थे
खबर:
दरभंगा से नई दिल्ली जा रही 02569-70 क्लोन एक्सप्रेस का जेडएस कपलर चोरी करने के मामले में आरपीएफ ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बहादुरपुर मोहल्ला निवासी रंजीत राम के बेटे आदित्य कुमार उर्फ सोनू और बहादुरपुर वार्ड-33 के दिलीप दास के बेटे कुंदन कुमार उर्फ चुना के रूप में हुई है।
आरपीएफ पोस्ट कमांडर अविनाश करोसिया ने बताया कि 8 मार्च को दरभंगा से नई दिल्ली जा रही क्लोन एक्सप्रेस के दो रैक के बीच से कपलर चोरी कर लिया गया था। मामले में संजीत कुमार के बयान और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुंदन कुमार को डीआरएम ऑफिस के पास से हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान कुंदन ने बताया कि उसने अपने साथी आदित्य कुमार के साथ मिलकर रेलवे यार्ड में खड़ी ट्रेन का कपलर काटकर चोरी किया था। इसके बाद उसकी निशानदेही पर आदित्य उर्फ सोनू को कृष्णा अस्पताल के पास से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। आरपीएफ ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।