हेडलाईन:
अररिया में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: पिकअप से 705 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद, चालक फरार
खबर:
अररिया। नशीले पदार्थों के विरुद्ध अभियान चलाते हुए अररिया आरएस थाना पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। आरएस थानाध्यक्ष अंकुर के नेतृत्व में विशेष समकालीन अभियान के तहत हड़िया टोल प्लाजा पर सघन वाहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान बीआर 01 जीजी 0498 नंबर की एक पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन से 45 कार्टून प्रतिबंधित कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद किया गया। हालांकि पुलिस कार्रवाई के दौरान चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
थानाध्यक्ष अंकुर ने बताया कि जब्त पिकअप वाहन को थाना लाकर सभी कार्टून की गिनती की गई, जिसमें 100 एमएल की कुल 7050 बोतलें यानी 705 लीटर प्रतिबंधित सिरप बरामद हुआ।
पुलिस ने मामले में कांड दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार चालक की तलाश के लिए छापेमारी जारी है।