पूर्णिया। शहर के खजांची हाट थाना क्षेत्र के पूर्णिया कॉलेज के समीप रविवार की रात करीब साढ़े आठ बजे एक घर में बदमाशों के जमावड़े की सूचना पर पुलिस द्वारा की गई छापेमारी में एक वांटेड सहित उसके दो निजी गार्डों को गिरफ्तार किया गया है।इस दौरान दोनों ओर से पांच चक्र गोलियां भी चलने की सूचना है। इस अफरातफरी में कुछ बदमाश वहां से फरार होने में भी सफल रहा।
पुलिस ने वहां से दो लग्जरी गाड़ी भी जब्त की है और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान कई अन्य ठिकानों पर जारी है। एक बदमाश के पैर में गोली लगने की भी सूचना है। गिरफ्तार बदमाश का नाम सिंटू सिंह बताया जा रहा है, जिस पर हत्या समेत कई अन्य जघन्य मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारी इस मामले में अभी कुछ भी नहीं बता रहे हैं और जांच व अभियान जारी रहने की बात कह रहे हैं। जानकारी के अनुसार हाल में ही एक गोलीकांड में जमानत पर जेल से निकले शाहिल सौरभ के घर बदमाशों के जमावड़े की सूचना पुलिस को मिली थी।
इस दौरान किसी बड़े वारदात को अंजाम देने की भी सूचना पुलिस को थी। सूचना पर खजांची हाट सहित सहायक खजांची हाट पुलिस के साथ-साथ तकनीकी सेल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मजबूत घेराबंदी की।
बदमाशों ने शुरू की फायरिंग
यह देख बदमाशों द्वारा पहले फायरिंग की गई और इस प्रतिकार में पुलिस द्वारा भी गोली चलाए जाने की सूचना है। पुलिस ने इस क्रम में सिंटू सिंह व उनके दो निजी गार्डों को दबोच लिया, जबकि कुछ अन्य बदमाश वहां से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने उस परिक्षेत्र का घेराबंदी कर काफी देर तक सर्च अभियान भी चलाया।
पुलिस की छापेमारी शहर के कई अन्य संभावित ठिकानों पर जारी है। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी गोली चलने की पुष्टि से कन्नी काटते रहे। आसपास के लोगों ने गोली चलने की बात कही।
इधर मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक व अपर पुलिस अधीक्षक से भी संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इस घटना को लेकर उस परिक्षेत्र के लोग अपने-अपने घरों में बंद हो गए।