Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:नेपाल से लौट रहे 3 शिक्षक समेत 5 लोग शराब के नशे में गिरफ्तार, शैक्षणिक भ्रमण पर गए थे; निलंबन की कार्रवाई शुरू - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, March 27, 2026

BIHAR:नेपाल से लौट रहे 3 शिक्षक समेत 5 लोग शराब के नशे में गिरफ्तार, शैक्षणिक भ्रमण पर गए थे; निलंबन की कार्रवाई शुरू

हेडलाइन:
नेपाल से लौट रहे 3 शिक्षक समेत 5 लोग शराब के नशे में गिरफ्तार, शैक्षणिक भ्रमण पर गए थे; निलंबन की कार्रवाई शुरू

खबर:
सुपौल जिले के भीमनगर स्थित भारत-नेपाल बॉर्डर पर मद्य निषेध विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शिक्षकों समेत पांच लोगों को शराब के नशे में गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी मधेपुरा और खगड़िया जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं और शैक्षणिक भ्रमण के दौरान नेपाल गए थे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, जिन शिक्षकों पर बच्चों के भविष्य को संवारने की जिम्मेदारी होती है, उन्हीं के द्वारा इस तरह की लापरवाही बेहद चिंताजनक और शर्मनाक है। बताया जा रहा है कि मद्य निषेध टीम बॉर्डर पर सघन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान नेपाल से लौट रहे पांच संदिग्ध लोगों को रोका गया। जांच के दौरान उनके व्यवहार में असामान्यता दिखी, जिसके बाद ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई। जांच में सभी के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।

गिरफ्तार लोगों की पहचान मधेपुरा और खगड़िया जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासियों के रूप में हुई है। इनमें इंग्लिश कुमार और धीरेन्द्र कुमार सरकारी विद्यालय में शिक्षक हैं, जबकि अन्य भी शिक्षा क्षेत्र से जुड़े बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, ये सभी शिक्षक छात्रों को शैक्षणिक भ्रमण पर नेपाल ले गए थे और इसी दौरान शराब का सेवन किया। लौटने के दौरान चेक पोस्ट पर ये पकड़े गए।

मद्य निषेध इंस्पेक्टर संजय प्रियदर्शी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है, जिसके तहत शराब का सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित है। सभी आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

इधर, सुपौल के डीएम सावन कुमार ने कहा कि गिरफ्तार शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी और उनके निलंबन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि यह घटना न सिर्फ कानून के उल्लंघन को दर्शाती है, बल्कि समाज में शिक्षकों की जिम्मेदारी और आचरण पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।

गौरतलब है कि बिहार में वर्ष 2016 से पूर्ण शराबबंदी लागू है। इसके बावजूद सीमावर्ती इलाकों में लोग नेपाल जाकर शराब का सेवन करते हैं और लौटने के दौरान कार्रवाई की जद में आ जाते हैं। मद्य निषेध विभाग की टीम लगातार बॉर्डर पर अभियान चलाकर ऐसे मामलों में कार्रवाई कर रही है।