Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से होमगार्ड जवान की मौत, दूसरा गंभीर - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, March 13, 2026

BIHAR:दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से होमगार्ड जवान की मौत, दूसरा गंभीर

हेडलाइन:
आरा-अरवल मार्ग पर दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से होमगार्ड जवान की मौत, दूसरा गंभीर

खबर:
आरा-अरवल मार्ग पर पवना थाना क्षेत्र के पवना बाजार स्थित पेट्रोल पंप के पास गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो होमगार्ड जवानों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक जवान की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज चल रहा है।

मृतक की पहचान धोबहा थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव निवासी राज कुमार सिंह के 26 वर्षीय पुत्र चंद्र मोहन सिंह के रूप में हुई है। वह होमगार्ड जवान था और वर्तमान में सहार थाना में कार्यरत था। वहीं घायल जवान की पहचान नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा मोहल्ला निवासी स्वर्गीय रामाशंकर सिंह के 32 वर्षीय पुत्र मोहन सिंह के रूप में हुई है, जो सहार थाना में ही तैनात है। घायल जवान की हालत नाजुक बताई जा रही है।

परिजनों के अनुसार दोनों जवान विभागीय कार्य से बाइक से सहार थाना से आरा सिविल कोर्ट के पास स्थित होमगार्ड मुख्यालय जा रहे थे। इसी दौरान पवना बाजार स्थित पेट्रोल पंप के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। हालांकि परिजन उन्हें आरा के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान चंद्र मोहन सिंह ने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
मृतक के शव को बाद में सदर अस्पताल लाया गया, जहां टाउन थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। बताया जाता है कि चंद्र मोहन सिंह दो भाई और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। परिवार में मां सरोजा कुंअर, बहन सोनाली कुमारी और भाई कबीर सिंह हैं।

घटना के बाद मृतक के घर में मातम का माहौल है। बेटे की मौत से मां और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जुटी हुई है।