हेडलाइन:
कहरा के पड़री में निर्माणाधीन घर में काम के दौरान दर्दनाक हादसा, ग्राइंडर मशीन से गर्दन कटने पर मिस्त्री की मौत
खबर:
कहरा बनगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पड़री के वार्ड संख्या तीन में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में 48 वर्षीय मिस्त्री शंकर शर्मा की मौत हो गई। घटना उस वक्त हुई जब वह एक निर्माणाधीन घर में लोहे की छड़ काटने का काम कर रहा था। इसी दौरान छड़ काटने वाली ग्राइंडर मशीन से उसकी गर्दन कट गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बनगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने निर्माण कार्य में लगे अन्य मजदूरों व मिस्त्रियों से पूछताछ की तथा घटनास्थल पर मौजूद औजारों के साथ पूरे क्षेत्र को जांच के लिए सुरक्षा घेरे में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, पड़री गांव वार्ड तीन निवासी एवं दिल्ली पुलिस में कार्यरत समीर झा ने अपनी अनुपस्थिति में नए घर के निर्माण का ठेका पास के चैनपुर पंचायत के आदा टोला निवासी शंकर शर्मा और उसके भाई शंभू शर्मा को दिया था। गुरुवार को भी शंकर शर्मा अपने भाई व अन्य मजदूरों के साथ निर्माण कार्य में लगा हुआ था। इसी दौरान वह सीढ़ी घर के नीचे लोहे की सरिया काट रहा था।
कुछ देर बाद एक मजदूर ने शंकर शर्मा को फर्श पर गिरा हुआ देखा। पहले उसे करंट लगने से बेहोश होने की आशंका हुई, लेकिन पास जाने पर वह खून से लथपथ पाया गया। इसके बाद मृतक के भाई शंभू शर्मा सहित अन्य मजदूरों और आसपास के लोगों को सूचना दी गई। फिर स्थानीय लोगों ने बनगांव थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।
बनगांव थाना प्रभारी हरिश्चंद्र ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।