Kosi Live-कोशी लाइव SUPAUL:प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या का आरोप, कथित प्रेमिका समेत सात नामजद; नहर किनारे मिला था शव - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, February 5, 2026

SUPAUL:प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या का आरोप, कथित प्रेमिका समेत सात नामजद; नहर किनारे मिला था शव

हेडलाइन:
प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या का आरोप, कथित प्रेमिका समेत सात नामजद; नहर किनारे मिला था शव

पूरी खबर:
सुपौल। मानगंज पश्चिम पंचायत के रानी पट्टी उप-वितरणी नहर किनारे बरामद युवक सौरभ सुमन के शव मामले में जदिया थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मृतक छातापुर थाना क्षेत्र के डहरिया पंचायत अंतर्गत वार्ड एक निवासी था। इस मामले में मृतक के पिता विश्वनाथ यादव ने प्रेम प्रसंग के कारण साजिशन हत्या का आरोप लगाते हुए कथित प्रेमिका समेत उसके परिवार के सात लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है।

दर्ज प्राथमिकी में मृतक के पिता ने बताया है कि बीते एक वर्ष से उनके पुत्र सौरभ सुमन और नामजद युवती के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था और दोनों शादी के लिए भी तैयार थे, लेकिन युवती का परिवार इस रिश्ते से नाराज था। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना से लगभग एक सप्ताह पहले नामजद लोगों ने उन्हें अपने घर के पास सड़क पर बुलाकर पुत्र को समझा लेने और अपनी बेटी से दूर रहने की धमकी दी थी।

अपने लिखित बयान में विश्वनाथ यादव ने कहा है कि 2 फरवरी की रात वह और उनका पुत्र खाना खाकर घर में सो गए थे। उनका आरोप है कि उसी रात नामजद लोगों ने मोबाइल फोन पर सौरभ को बुलाया और अज्ञात बदमाशों के सहयोग से साजिश के तहत उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को मानगंज पश्चिम पंचायत के वार्ड एक स्थित नहर किनारे फेंक दिया गया।

मृतक के पिता ने यह भी बताया कि सौरभ के पास उसका मोबाइल फोन मौजूद था और घटना की जानकारी उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से मिली। उन्होंने आशंका जताई है कि यह पूरी घटना सुनियोजित हत्या है, जिसमें नामजद सभी लोगों की भूमिका है।

इस संबंध में इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष नंद किशोर नंदन ने बताया कि मृतक के पिता के आवेदन के आधार पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।